पश्चिमी सिंहभूम। जिले के गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत कुरकुटिया गांव के पास मंगलवार को आईईडी ब्लास्ट में एक युवक घायल हो गया। घायल ग्रामीण माटा अंगरिया गोइलकेरा प्रखंड के हाराहासा पंचायत के कटम्पा वन ग्राम का निवासी है।

घटना के बाद गोइलकेरा पुलिस के सहयोग से घायल युवक को गोइलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसकी स्थिति को देखते हुए उसे डॉक्टर ने चाईबासा रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार गोइलकेरा प्रखंड के हाराहासा पंचायत के कटम्पा वन ग्राम का निवासी माटा अंगरिया मंगलवार को चाचा चोकरो अंगरिया के साथ गोइलकेरा बाजार जा रहा था। तभी कुरकुटिया गांव के पास नक्सलियों द्वारा लगाया गया आईडी ब्लास्ट हो गया, जिससे उसके पैर और शरीर में अन्य जगहों पर चोट लगी है।