जमशेदपुर : NH-33 स्थित एक होटल में रामगढ़ जिले के रजरप्पा की एक महिला को नशे का सामान खिलाकर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया। मामला तब सामने आया जब महिला घटना के 18 दिन बाद अपने पति के साथ मामले की शिकायत करने MGM थाने पहुंची। महिला ने अपने सहकर्मी रांची जिले के ओरमांझी निवासी प्रदीप कुमार राम उर्फ राणा पर आरोप लगाया है। मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने महिला को मेडिकल के लिए MGM अस्पताल भेजा।

कोर्ट खुलने के बाद पुलिस महिला का बयान दर्ज करवाएगी। महिला ने पुलिस को बताया कि वह LIC एजेंट है जबकि आरोपी भी उसी के साथ काम करता है। 15 मार्च को वह आरोपी के साथ किसी काम से आई थी। यहां वह NH-33 स्थित एक होटल में ठहरी थी। जहां आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दूसरे दिन वह अपने घर पहुंची जहां अपने पति को सारी बात बताई। पति के साथ बातचीत करने के बाद वह शिकायत लेकर थाने पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।