रांची : राजधानी रांची सहित लगभग पूरे झारखंड में आसमान साफ हो गया है. धूप की किरणें सीधे पड़ रही हैं जिससे ठंड के मौसम में भी दिन में गर्माहट आ गई है. स्थिति यह हो गई है कि राजधानी सहित झारखंड के अन्य जिलों के तापमान में उतार चढ़ाव होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार रांची में दिसंबर के अंतिम सप्ताह में अधिकतम तापमान सामान्यतः 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है, लेकिन इस बार अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. इसी प्रकार न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में या 12.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है.

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार 29-30 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर सक्रिय हो रहा है, इससे एक बार फिर झारखंड में 2 जनवरी की शाम से मौसम का मिजाज बदलने की पूरी संभावना है. 1 जनवरी को तो मौसम खुशनुमा रहेगा, लेकिन रांची सहित अन्य इलाकों में 2 जनवरी की शाम से बादल छाए लगेंगे और 3 जनवरी से लगातार तीन दिनों तक बारिश होने का अनुमान है. यह स्थिति झारखंड सहित बिहार उड़ीसा में भी देखने को मिलेगी. आकाश में बादल छाए रहने व बारिश होने से झारखंड में सुबह में कोहरा वह धुंध छाई रहेगी. न्यूनतम तापमान में भी भारी गिरावट आ सकती है. सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Share.
Exit mobile version