रांची: पंचायत चुनाव के पहले चरण में 21 जिलों के 72 प्रखंड में मतदान संपन्न हुआ। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई जो अपराह्न 3 बजे तक चली। कुल 1,127 पंचायतों में पहले चरण की वोटिंग शांतिपूर्ण हुई। इस दौरान मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। दरअसल, पहले चरण के पंचायत चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 52,22,815 है। जबकि विभिन्न पदों के लिए 30,221 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अब तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार साहिबगंज के तीन प्रखंड में वोटिंग हुई। दोपहर तीन बजे तक जिले के बड़हड़वा प्रखंड में 71 फीसदी से अधिक मतदान हुआ। वहीं, रामगढ़ जिले के तीन प्रखंड में भी चुनाव संपन्न हुआ।
यहां करीब 85% वोटिंग हुई। लातेहार में पहले चरण के मतदान में कुल 63.09% वोटिंग हुई। वोटिंग को लेकर महिला मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। जिले के सरयू में 64.43%, चंदवा में 60.14%, लातेहार में 65.54% मतदान हुआ। लोहरदगा में किस्को में 63.78% और पेशरार में 57.45% मतदान हुआ। सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त के बीच लोगों ने उत्साह पूर्वक मतदान किया। गिरिडीह जिले के तीन प्रखंड में कुल 72.46% वोटिंग हुई। वहीं, धनबाद जिले के तीन प्रखंड में 73.65% वोटिंग हुई।
कँहा कितना मतदान
- हजारीबाग के 5 प्रखंड में करीब 63% मतदान
- चतरा में 68.47% मतदान
- लातेहार 63.09% मतदान
- पलामू में 65.43% मतदान
- रांची में 70.45% मतदान
- साहिबगंज में 73.60% मतदान