JoharLive Team

रांची : उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू शनिवार को रांची पहुंच गए हैं। रांची एयरपोर्ट पर उनके आगमन के बाद राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री रघुवर दास और राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने उनकी अगवानी की।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू कुछ देर बाद ही वे रघुवर सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के तहत राज्य के 13.60 लाख किसानों के खाते में 442 करोड़ की भारी भरकम राशि शनिवार को भेजी जा रही है। इससे पहले बीते दिन ही किसानों के खाते में राशि भेजने की तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं। राशि भेजने का ट्रायल भी रांची समेत राज्य के सभी 24 जिलों में सफलता पूर्वक कर लिया गया है।
इस योजना के तहत राज्य के 35 लाख किसानों के खाते में दो किश्तों में करीब तीन हजार करोड़ रुपये स्थानांतरित किए जाएंगे। कृषि सचिव पूजा सिंघल ने मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना से जुड़ी जानकारियां साझा की। कृषि सचिव ने बताया कि रांची के हरमू मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में उपराष्ट्रपति शामिल होंगे। इस दिन सभी जिलों में समारोह का आयोजन किया जाएगा जिसमें राज्य सरकार के मंत्रियों के अलावा सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को लेकर 15 लाख किसानों की डेटा इंट्री का काम पूरा हो चुका है। इनमें 13.60 लाख खातों के सभी दस्तावेजों की पड़ताल का कार्य भी पूरा किया जा चुका है। इन सभी के खाते में शनिवार को प्रथम किश्त की 442 करोड़ रुपये की राशि भेज दी जाएगी। इन किसानों के बीच दो किस्?तों में 800 करोड़ से अधिक की राशि भेजी जानी है। 400 करोड़ की दूसरी किस्त भी जल्द भेजी जाएगी। कृषि सचिव ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत किसानों की डेटा इंट्री का कार्य निरंतर चलता रहेगा और क्रमबद्ध तरीके से किसानों के खाते में राशि भेजने का सिलसिला जारी रहेगा।

Share.
Exit mobile version