गया : नक्सल प्रभावित क्षेत्र बांकेबाजार प्रखंड के पननिया पंचायत के अलग-अलग दो गांव में बीती रात दो महिलाओं की हत्या कर दी गई। दो में से एक सुनीता देवी पपनिया गांव की रहने वाली थी तो वहीं दूसरी कंचन देवी मेनका गांव की रहने वाली थी। कंचन की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। कंचन के घर वाले घर को छोड़ कर फरार हैं।
वहीं पननिया गांव की मृतका सुनीता देवी के पति पवन मिस्त्री को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इमामगंज थानाध्यक्ष का कहना है कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी मामले में अब तक आवेदन नहीं आया है। लोगों का कहना है कि दोनों महिलाओं को उसके पति ने मार डाला।
डेढ़ साल पहले हुई थी कंचन की शादी
परिजनों ने बताया कि कंचन की शादी डेढ़ साल पहले मेनका गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल और मायके वालों के बीच दहेज को लेकर खटपट चल रही थी। ससुराल वाले बार-बार दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। रविवार की रात उसकी लाश बेड पर मिली। पुलिस का कहना है कि कंचन की हत्या गले में फंदा डालकर की गई है। उसके गले में फंदे का निशान था।।
हालांकि फर्श से छत की दूरी महज सात फीट ही है। ऐसे में आत्महत्या संभव नहीं है। वारदात के बाद ससुराल वाले भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि ससुराल वालों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है।

धारदार हथियार से सुनीता को मार डाला
सुनीता की हत्या बड़ी बेहरमी से की गई है। धारदार हथियार से नाजुक अंगों पर भी चोट किए गए। गांव वालों का कहना है कि सुनीता के घर के बगल में शनिवार की रात शादी समारोह चल रहा था। रात के समय ही उसके पति ने उसकी हत्या की है। गांव वालों का कहना है कि हत्या करने के बाद उसके पति ने सुनीता के कपड़े बदले और उसे बेड पर सुला दिया। इसके बाद लाश के ऊपर ऊनी चादर ढंक दिया। इसके बाद जब सुबह हुई तो उसने घरवालों को बताया कि उसकी बीबी जहर खा कर सो रही है। यह बात सुनते ही उसके घरवालों के होश उड़ गए।
पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया
घरवालों ने गर्म चादर हटा कर देखा तो दंग रह गए। सुनीता के बदन पर कई जगह धारदार हथियार के जख्म के निशाना पड़े थे। घरवालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची इमामगंज पुलिस ने पवन को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों का कहना है कि यह हत्या शक की वजह से की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।