कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्मनगर में मरीन ड्राइव किनारे खरकई नदी में नहाने के दौरान रविवार को दो बच्चियां डूब गई। हालांकि बरखा साह (10) नामक बच्ची को बचा लिया गया। जबकि प्रियंका साह (10) गहरे पानी में डूब गई। स्थानीय गोताखोरों ने करीब 2 घंटे तक नदी में शव को तलाशने की कोशिश की लेकिन प्रियंका का शव नहीं मिला। सूचना पर उसके परिजन भी घाट पर पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंची।

प्रियंका के पिता राजेश साह ने बताया- उनकी बेटी बरखा के साथ 12 बजे घर में बिना किसी को कुछ बोले नदी में नहाने गई थी। उनकी बड़ी बेटी नंदिनी भी घटनास्थल से थोड़ी दूर पर नहा रही थी। जबकि प्रियंका और बरखा एक साथ नहा रही थी। इसी दौरान दोनों डूबने लगीं। बरखा को नदी किनारे नहा रहे लोगों ने बचा लिया। जबकि उनकी प्रियंका गहरे पानी में डूब गई।