गिरिडीह : नावाडीह पंचायत के सखुआडीह में सोमवार की सुबह हाथियों का उत्पात देखने को मिला। झुंड से बिछड़े दो हाथी गांव में घुस आए और तीन लोगों को पटक कर जख्मी कर दिया। घटना के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने शोर मचाकर व मशाल जलाकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। हाथियों के गांव में घुस जाने से ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है।

घायलों में नीलकंठ मिस्त्री, चम्पा देवी और काजल देवी शामिल है। इन्हें गंभीर चोंटे लगी हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां से घायलों को धनबाद रेफर कर दिया गया। हाथियों के अचानक गांव में घुसने व लोगों पर हमला के बाद से ग्रामीण काफी दहशत में हैं और वनविभाग के अधिकारियों से हाथियों को यहां से भगाने की गुहार लगा रहे हैं।

वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी सुरेश राम ने बताया कि दो हाथी झुंड से बिछड़कर इस क्षेत्र में आ गए हैं। जबकि 18 हाथियों का झुंड बिष्णुगढ़ जंगल में है। वन विभाग की टीम दोनों हाथियों को अभी आसपास के जंगल में ढूंढ रही है। उन्हें जल्द ही झुंड से मिला दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सखुआडीह में घायलों की स्थिति को देखा है। उन्हें प्रक्रिया के तहत उचित मुआवजा दिया जाएगा।

Share.
Exit mobile version