सरायकेला: खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के बंसा में मंगलवार की रात हुई सड़क दुर्घटना में 1 व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि दोनों लोग साइकिल से मेला देखकर लौट रहे थे। इसी दौरान यह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। इसमें 12 वर्षीय मासूम हीरा महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि धीरेन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसे इलाज के लिए जमशेदपुर के MGM अस्पताल में भर्ती किया गया है दोनों पालगम के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाकर किसी तरह यातायात शुरू कराया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि इलाके में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। इसके बावजूद इसकी रोकथाम के लिए कोई कार्रवाई नहीं हो रही। पुलिस की ओर से कहीं भी बड़े वाहनों के आवागमन के बारे में समुचित जांच नहीं की जा रही। लिहाजा बड़े वाहन कहीं भी लोगों को टक्कर कर निकल रहे हैं। पुलिस की ओर से आश्चासन दिया गया कि जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले वाहन के बारे में जानकारी एकत्र कर ली जाएगी। स्थानीय लोग पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे।