Chaibasa : चाईबासा जिला में दर्दनाक घटना घटी है। मिली जानकारी के अनुसार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना चाईबासा जिला स्थित बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र के मुख्य सड़क मार्ग पर गुरुवार की रात को घटी। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को टाटा स्टील के नोवामुण्डी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायलों की पहचान नोवामुण्डी निवासी अल्ताफ हुसैन, महफूज आलम और बड़ाजामदा निवासी सुखराम सोरेन के रूप में हुई है। इनमें से अल्ताफ हुसैन की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों मोटरसाइकिलें तेज गति में थीं और अंधेरे के कारण अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गईं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ाजामदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इस हादसे के बाद घायलों के इलाज में देरी होने के कारण स्थानीय लोगों ने नोवामुण्डी अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि घायलों का इलाज समय पर शुरू नहीं किया गया। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। गंभीर रूप से घायल युवक को टीएमएच रेफर किए जाने के बाद लोगों ने अस्पताल प्रशासन से तकनीशियन भेजने की मांग की, लेकिन उनकी मांग नहीं मानी गई, जिससे देर रात तक अस्पताल के बाहर विरोध प्रदर्शन होता रहा। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
Also Read : छत्तीसगढ़ के सुकमा में ACB और EOW की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी, 7 जगहों पर पड़ा छापा
Also Read : झारखंड में इतने दिनों तक गरज के साथ होगा वज्रपात, मौसम विभाग का अलर्ट
Also Read : तहव्वुर राना से NIA उगलवाएगी राज, आतंकी हमलों की साजिश का जल्द होगा खुलासा!