Gumla : PLFI के तीन खूंखार उग्रवादियों को पुलिस ने धर दबोचा है। इन तीनों को गुमला की कामडारा पुलिस ने कामडारा थाना क्षेत्र के मुरुमकेला तेतरटोली के पास के गिरफ्तार किया है। धराये उग्रवादियों के नाम दुर्गा सिंह उर्फ पंजरी सिंह, कलेश्वर हजाम उर्फ टेम्पू हजाम और राजकुमार सिंह बताये गये। दुर्गा सिंह रांची के लापुंग थाना क्षेत्र के जरिया जमाकेल का रहने वाला है। राजकुमार सिंह का घर रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र के हेंदेबिली में है। वहीं, कलेश्वर हजाम खूंटी के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बकसपुर का रहने वाला बताया गया। दुर्गा सिंह PLFI का संथापक सदस्य है। सुप्रीमो दिनेश गोप के जेल जाने के बाद से पूरे संगठन को दुर्गा सिंह ही ऑपरेट कर रहा था। उसके खिलाफ पुलिस फाइल में करीब 18 संगीन मामले दरज हैं। इन लोगों के पास से एक रेगुलर डबल बैरल रायफल, एक देशी कट्टा, आठ जिंदा गोलियां, PLFI का तीन पर्चा, एक मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त किया गया है। इस बात का खुलासा आज यानी गुरुवार को गुमला के पुलिस कप्तान शंभु कुमार सिंह ने किया।
SP शंभु कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि उन्हें इंफॉर्मेशन मिली थी कि PLFI के कुछ उग्रवादी कामडारा थाना क्षेत्र में एक्टिव हैं। किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। मिली इंफॉर्मेशन पर बसिया SDPO नाजिर अख्तर की देखरेख में टीम गठित की गयी। टीम में QRT और SSB 32 BN के जवानों को शामिल किया गया और आगे का टास्क सौंपा गया। बीती रात करीब साढ़े दस बजे गुरुमकेला तेतरटोली के पास कुछ संदिग्ध लोगों को दो बाइक पर सवार होकर आते देखा गया। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो सभी जंगल की तरफ भागने लगे। एक बाइक पर सवार लोग अंधेरे का फायदा उठा भाग निकलने में कामयाब रहे। वहीं, दूसरे बाइक पर सवार तीन लोगों को दबोच लिया गया। इन लोगों के पास से हथियार और गोलियां जब्त की गयी है। SP शंभु कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा सिंह सहित इन लोगों को धरा जाने से PLFI को तगड़ा झटका लगा है। संगठन के कमर की रीढ़ तक टूट चुकी है। बचे-खुचे उग्रवादियों को भी जल्द सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जायेगा।
Also Read : होली को लेकर एलर्ट मोड में पुलिस, रांची में आज होगा फ्लैग मार्च