रांची : झारखंड के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है.यही वजह है कि मंगलवार को रांची के न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई.सोमवार को रांची का न्यूनतम तापमान 12.1 था, जो मंगलवार को घटकर 11.4 डिग्री सेल्सियस हो गया.वहीं, रांची के सबसे ठंडे क्षेत्र कांके के न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री की गिरावट आई है.सोमवार को कांके का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री था, जबकि मंगलवार को 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के लगभग सभी जिलों के मौसम का मिजाज अगले 5 दिनों तक खुशनुमा रहने की उम्मीद है.सुबह में धुंध व दिन में आसमान साफ रहेगा, वहीं, 1 जनवरी को मौसम खुशनुमा रहेगा.

हालांकि, 2 जनवरी के शाम से मौसम में बदलाव के संकेत हैं. 3 जनवरी से झारखंड के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है.रांची मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार राज्य में फिलहाल अगले कुछ दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कुछ अधिक ही रहेगा.इस स्थिति में राज्य के अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान 25 तथा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.फिलहाल, मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से मौसम को लेकर कोई चेतावनी नहीं है.

Share.
Exit mobile version