रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना (JMMSY) की पहली किश्त की राशि राज्य की महिलाओं के खातों में पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह कदम महिलाओं के जीवन में नवीन उमंग और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “आज एक नए युग का सूर्योदय हुआ है। हमारी बहनों के खातों में राशि पहुंचने से उनका सपना साकार हो रहा है। यह हमारे राज्य के इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित होगा।” उन्होंने आगे कहा कि यह योजना महिलाओं के सपनों को पंख लगाकर उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रही है।

गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी इस योजना की सराहना की। उन्होंने कहा, “आज का दिन इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो जाएगा। योजना की पहली किश्त का हस्तांतरण यह साबित करता है कि हमारा संकल्प वास्तविकता बन रहा है। यह नई आशा और ऊर्जा का संचार कर रही है।”

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके जीवन को बेहतर बनाना है। यह योजना महिलाओं की आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने और उनके सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share.
Exit mobile version