Joharlive Team

बलरामपुर। जिले के सामरी थाना क्षेत्र से लगे हुए झारखंड की सीमा पर स्थित हिंडालको की बंद पड़ी माइंस से 2 कर्मचारियों के अपहरण की खबर से हड़कंप मच गया है। नक्सलियों पर दोनों गार्ड के अपहरण का शक जताया जा रहा है। सूचना के बाद बलरामपुर पुलिस सर्चिंग में जुटी है।

अपहरण हुए कर्मचारी एसएलवी सिक्योरिटी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं. बीती रात 11 बजे से दोनों गार्ड लापता है. लोगों ने आसपास उन्हें काफी ढूंढने की कोशिश की लेकिन कहीं भी उनका पता नहीं चला। जिसके बाद हिंडालको कंपनी के अधिकारियों ने थाने में आकर पूरे मामले की जानकारी दी।

रिपोर्ट के बाद पुलिस अधिकारी डीके सिंह ने बताया कि झारखंड की सीमा से लगे काटाघर से दोनों गार्ड लापता हैं. दोनों लापता गार्ड को ढूंढने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही पूरे मामले की भी छानबीन हो रही है। उन्होंने कहा कि जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Exit mobile version