रांची । मोरहाबादी में रेहड़ी और ठेला लगाने वाले दुकानदारों के लिए राहत की खबर है। मोरहाबादी से दुकानदारों को नहीं हटाया जाएगा। उन्हें मैदान के दूसरे छोर पर अस्थायी तौर पर शिफ्ट किया जा सकता है। इसके लिए रांची नगर निगम ने दो दिनों का वक्त मांगा है। इस दौरान रांची नगर निगम के अधिकारी दुकानदारों के साथ मिलकर स्थल निरीक्षण करेंगे।
इससे पहले मंगलवार को रांची नगर निगम उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन आंदोलनरत दुकानदारों से मिलने के लिए मोरहाबादी मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने नाराज दुकानदारों से लंबी चर्चा की और उनसे उनकी परेशानियों का जाना। इसके बाद उन्होंने दुकानदारों से दो दिन का वक्त मांगा है। रांची नगर निगम नाराज दुकानदारों के साथ पिछले दो दिनों से लागातार वार्ता कर रहा है।

सोमवार को उप नगर आयुक्त के साथ इनकी वार्ता हुई थी जिसमें उन्होंने दुकानदारों से उनकी परेशानी और उनके सुझाव मांगे थे। इसके बाद मंगलवार को नगर आयुक्त ने निगम कार्यालय में नाराज दुकानदारों के साथ वार्ता की। दरअसल 27 जनवरी को मोरहाबादी में गैंगवार हुआ था। इसमें रांची का अपराधी कालू लामा मारा गया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने मोरहाबादी से दुकानों को हटाने का आदेश दिया था। प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर जगह को खाली करने का फरमान जारी किया गया था। दुकानदार प्रशासन के इसी आदेश का विरोध कर रहे हैं।