कीव/मास्को : रूस और यूक्रेन के बीच पिछले आठ दिनों से जारी जंग अब थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बीच शुक्रवार को यूक्रेन में मौजूद यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर पावर प्लांट पर भी पहले हमला और फिर कब्जा हुआ। कहा जा रहा है कि राजधानी कीव के पास मौजूद Bucha शहर को यूक्रेनी सेना ने फिर कब्जा लिया है। वहीं ओडेसा समेत कई जगहों पर हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच चर्नीहीव पर हुई एयर स्ट्राइक में 33 लोगों की मौत की खबर है। जबकि 18 लोग जख्मी हुए हैं।
यूक्रेन का दावा है कि रूस ने ये हमला चेर्निहाइव के रहवासी इलाकों में किया। इस हमले में घरों, पुलों और सड़कों को काफी नुकसान पहुंचा है। चेर्निहाइव पर रूसी एयरस्ट्राइक के बाद कुछ सैटेलाइट तस्वीरें सामने आई हैं। इनमें तबाही के मंजर को देखा जा सकता है। चेर्निहाइव में रूसी हमले से सड़कों, पुल और घरों का काफी नुकसान पहुंचा है। सैटेलाइट इमेज में हमले वाली जगहों पर धुआं उड़ता दिख रहा है।

उधर, यूक्रेन के एनरहोदर में यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट पर हमले की खबर सामने आ रही है। यूक्रेन ने दावा किया है कि दक्षिणी यूक्रेन के एनरहोदर में यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट में रूसी हमले के बाद आग लग गई। समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि ज़ापोरीज्ज्या न्यूक्लियर प्लांट के पास से धुआं उठता नजर आ रहा है। यह प्लांट यूक्रेन में 25% बिजली का उत्पादन करता है। प्लांट के प्रवक्ता ने स्थानीय मीडिया में बातचीत कि आग बुझाने के लिए फायरिंग रोकना बहुत जरूरी है।
यूक्रेन के अधिकारियों का दावा है कि हमले के पहले दिन से रूस ने अभी तक 480 मिसाइल दागी हैं और यूक्रेन के डिफेंस सिस्टम ने इसमें से कई को मार गिराया है। यूएन का दावा है कि जंग में अब तक 227 नागरिकों की मौत हो चुकी है। जबकि 525 घायल हैं। वहीं, यूक्रेन का कहना है कि रूसी हमले में अब तक उसके 2000 नागरिक मारे गए हैं।
रूस की सेना ने भी पहली बार अपने सैनिकों को पहुंचे नुकसान का आंकड़ा जारी किया है। रूस के मुताबिक, जंग में 500 सैनिक मारे गए हैं। जबकि 1600 जख्मी हुए हैं।
-एजेंसी