रांची। गणतंत्र दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में निकलने वाली झांकियों में इस बार श्री श्री 108 रावणेश्वर बाबा बैद्यनाथ धाम की झांकी देखने को मिलेगी। यह झारखंड की ओर से दिखाया जायेगा। इसके अलावा झारखंड के देवघर में हो रहे विकास कार्य को भी झांकी के माध्यम से दिखाया जायेगा। इतना ही नहीं, झारखंड की प्राचीन कला एवं धरती आबा बिरसा मुंडा के बारे में भी जानकारी दी जायेगी। गणतंत्र दिवस परेड में झारखंड की झांकी का चयन होना राज्य के लिये गौरव की बात है।

गणतंत्र दिवस 2023 के अवसर पर दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में झारखंड सहित 16 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों का चयन हुआ है। केंद्र सरकार ने सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से झांकियों का प्रारूप मांगा था। विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के उपरांत केवल 16 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की झांकी का चयन हुआ झारखंड की झांकी के प्रारूप को चयन प्रक्रिया में पदाधिकारियों द्वारा सराहा गया। नई दिल्ली में 19 जनवरी 2023 तक सभी चयनित राज्यों की झांकी को तैयार कर लेना है एवं पूरे परिधान के साथ 23 जनवरी 2023 को इनका रिहर्सल भी करा लिया जाना है।