Ranchi : रामनवमी के मौके पर राजधानी रांची पूरी तरह से राममय हो गई। जय श्रीराम के उद्घोष से शहर का वातावरण भक्तिमय बन गया। महावीर मंडल के नेतृत्व में सैकड़ों रामभक्तों ने भव्य शोभायात्रा में भाग लिया। रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर हर शोभायात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। इस दौरान “राम जी की निकली सवारी, देश का बच्चा-बच्चा जय श्रीराम बोलेगा” जैसे जयघोषों से पूरा इलाका गूंज उठा। राजधानी के अलग-अलग इलाकों से होते हुए जुलूस निकल रहा है, जहां शोभायात्रा में शामिल राम भक्त अपने तलवार, गदा, फरसा, भाला से हैरतअंगेज करतबों से लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा में शामिल हर रामभक्त परंपरागत हथियारों से लैस दिखा। राजधानी के सभी अखाड़े से निकली शोभायात्रा अल्बर्ट एक्का चौक होकर तपोवन मंदिर जाकर लौटती है।
लाल, पीला खास कर भगवा रंग बिरंगे के झंडों से पूरी राजधानी सजी है। आयोजक राम भक्तों को माला पहना कर स्वागत करने में जुटे हैं। सबसे उच्चे झंडे वाले अखाड़ा को सम्मानित किया जाएगा। दर्शक कतारबद्ध होकर झंडे को निहार रहे थे। प्रमुख सड़कों के किनारे सामाजिक संस्थाओं द्वारा पेयजल, चना, गुड़, शरबत देकर शोभा यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया जा रहा है। अंजुमन प्लाजा, डेली मार्केट के मुस्लिम समुदाय राम भक्तों का स्वागत करते दिखे साथ ही लोगों के बीच शर्बत, चना बांट खुशियां बांटते दिखे।
सुरक्षा के थे पुख्ता इंतजाम
रामनवमी को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा को लेकर 12 डीएसपी के अलावा 40 इंस्पेक्टर, 300 दारोगा और 3500 जवानों को तैनात किया गया था। शहर के 20 थाना क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जा रही थी। सुरक्षा की दृष्टि से 40 जगहों पर क्यूआरटी को तैनात किया गया था। क्यूआरटी के अलावा सीआरपीएफ की भी दो कंपनी को तैनात किया गया था। शहर में 400 से ज्यादा जगहों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जा रही थी। डीसी मंजूनाथ भजंत्री, डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, सिटी एसपी राजकुमार मेहता, डीएसपी प्रकाश सोय सहित अन्य डीएसपी और थाना प्रभारी लगातार निगरानी रख रहे है। एसएसपी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। साथ ही तैनात अधिकारियों को निर्देश भी देते रहे।
Also Read : दहाड़ने के लिए तैयार बुमराह, MI ने किया यह पोस्ट