Joharlive Desk

मुंबई। सलमान की बतौर लीड हीरो पहली फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ का म्यूजिक देने वाली संगीतकार जोड़ी राम लक्ष्मण के लक्ष्मण का निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। दिग्गज गायिका लता मंगेशकर ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

लता मंगेशकर ने दी श्रद्धांजलि
उन्होंने ट्वीट कर लिखा- मुझे अभी पता चला कि बहुत गुणी और लोकप्रिय संगीतकार राम लक्ष्मण जी (विजय पाटिल) का स्वर्गवास हुआ। ये सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। वो बहुत अच्छे इंसान थे। मैंने उनके कई गाने गाए जो बहुत लोकप्रिय हुए। मैं उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।

पार्टनर की याद में रखा राम लक्ष्मण नाम
राम-लक्ष्मण के लक्ष्मण का असली नाम विजय पाटिल था। इन्होंने जोड़ी बनाकर संगीत देना शुरू किया था। ये जोड़ी मिलकर कमाल दिखा पाती इससे पहले पहली फिल्म ‘एजेंट विनोद’ जो कि 1977 में आई थी, साइन करते ही पहले पार्टनर की मौत हो गई। तब विजय पाटिल ने स्पेलिंग में बदलाव के बाद ‘राम-लक्ष्मण’ नाम बरकरार रखा। और इस नाम से उन्होंने कई हिट गाने दिए। उन्होंने अपने पिता और चाचा से संगीत की शिक्षा ली थी।

राम लक्ष्मण ने करीब 150 फिल्मों में संगीत दिया था जिसमें हिंदी के अलावा मराठी और भोजपुरी भी शामिल है। मराठी फिल्ममेकर और अभिनेता दादा कोंडके ने उन्हें अपनी फिल्म ‘पांडु हवलदार’ के लिए बतौर संगीतकार साइन किया था। इसके बाद सूरज बड़जात्या की फिल्मों में उन्होंने कई हिट गाने दिए। ‘मैंने प्यार किया'(1989)’ के गाने सुपरहिट हुए थे। इसके बाद ‘हम आपके हैं कौन (1994)’ और ‘हम साथ साथ हैं (1999)’ में भी उन्होंने संगीत दिया था। इस फिल्म के सारे गाने लोग आज भी बहुत पसंद करते हैं।

Share.
Exit mobile version