रांची। लालपुर इलाके से अपहृत राजेश मुंडा मामले को रांची पुलिस ने पूरी तरह से सुलझा लिया है। इस पूरे मामले में सबसे बड़ी बात है कि बिना पैसा दिए रांची पुलिस ने अपहृत राजेश मुंडा को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया है। यह उपलब्धि एसएसपी सुरेन्द्र कुमार झा को मिली सूचना पर मिली है। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने अपहरण की योजना बनाने का मुख्य आरोपी विक्की तिर्की, मिथिलेश भुइयां, सूरज राम, आशीष राम समेत 6 अपराधियों को पुलिस ने पकड़ा है। गिरफ्तार अपराधियों में कैटरिंग का काम करने वाले कर्मचारी लोग है। विक्की ने कैटरिंग का काम करने वाले लोगों का इस्तेमाल किया। गिरफ्तार अपराधियों में चार अपराधी चतरा, एक हजारीबाग और एक रांची का रहने वाला है।

इससे पूर्व रांची पुलिस की टीम ने आज सुबह करीब 7 बजे केरेडारी स्थित जंगल से अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। वहीं, अपहृत राजेश मुंडा को सकुशल बरामद किया था। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी विक्की की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। मगर, कुछ घंटे के बाद पुलिस टीम ने विक्की को भी गिरफ्तार कर लिया।
राजेश को शराब पिला कर विक्की ने किया था अपहरण
सूत्रों के अनुसार पुलिस पूछताछ में विक्की ने बताया कि शराब पिला कर राजेश मुंडा का अपहरण किया था। शराब पिलाने के बाद लालपुर से राजेश को गाड़ी में बैठा कर केरेडारी जंगल ले गया था। इससे पूर्व सोमवार को राजेश का अपहरण हुआ था, जबकि मंगलवार को अपहृत के पिता मोहन मुंडा ने लालपुर थाना को सूचना दी थी।अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से फोन कर 1 करोड़ की फिरौती मांगा था।परिजनों के अनुसार कई बार अपहरणकर्ताओं ने फोन कर पैसों की मांग किया था।
परिजनों ने दोस्त विक्की पर जताया था अपहरण की आशंका
परिवार वालों ने आशंका जताई थी कि विक्की नाम का व्यक्ति राजेश मुंडा के साथ हर समय रहा करता था। राजेश मुंडा और विक्की दोनों दोस्त हैं। विक्की खूंटी जिले का रहने वाला है। परिवार वालों ने आशंका जताई थी कि दोस्त ने ही राजेश मुंडा का अपहरण कराया है।