रांची : मनी लाउंड्रिंग के आरोप में बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद प्रेम प्रकाश की आज अदालत में पेशी होगी। प्रेम प्रकाश को पीएमएलए के विशेष न्यायाधीश की अदालत में सशरीर पेश किया जायेगा। न्यायालय ने उसे 11 अगस्त को दिन के 11 बजे कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है। बताया जाता है कि प्रेम प्रकाश को कस्टडी में लेने के लिए ईडी अपील करेगा।

न्यायालय ने यह आदेश प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा उसे न्यायालय में पेश करने के लिए दायर किये गये प्रोडक्शन वारंट के आलोक में किया है। फिलहाल, वह अवैध खनन में मनी लाउंड्रिंग के आरोप में बिरसा मुंडा सेंट्रल जेल में बंद है। 11 अगस्त को न्यायालय में पेश किये जाने के बाद ईडी जालसाजी कर जमीन की खरीद-बिक्री के मामले में उसे अपनी कस्टडी में लेगा। इसके बाद उसे न्यायालय के आदेशानुसार पूछताछ के लिए अपने साथ ले जायेगा।

प्रेम प्रकाश को थी फर्जी दस्तावेजों की जानकारी

ईडी ने पीएमएलए कोर्ट को जानकारी दी है कि प्रेम प्रकाश के पास जानकारी थी कि रांची में फर्जी कागजात तैयार कराने वाला गिरोह है। इस गिरोह के द्वारा जिस जमीन की फर्जी डीड तैयार की गई थी, उसे गलत तरीके से प्रेम प्रकाश ने अपने करीबी पुनीत भार्गव के नाम पर लिया, इसके बाद पुनीत ने इसे विष्णु अग्रवाल को बेचा था। जमीन के इस डील में प्रेम प्रकाश को डेढ़ करोड़ रुपये मिले थे। ईडी ने इससे जुड़ा साक्ष्य भी रांची की विशेष पीएमएलए कोर्ट को दिया, जिसके बाद ईडी कोर्ट ने प्रोडक्शन वारंट जारी करने का आदेश दिया।

पीपी सहित कुल 14 लोग अब तक हुए गिरफ्तार

गौरतलब है कि रांची भूमि घोटाला केस में अब तक ईडी रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन और कारोबारी बिष्णु अग्रवाल सहित पीपी को मिलकर कुल 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। केस की जांच पिछले 1 साल से चल रही है। पिछले साल ईडी ने नवंबर में कारोबारी बिष्णु अग्रवाल के ठिकानों पर छापा मारा था। इसी वर्ष 13 अप्रैल को ईडी ने पूर्व रांची डीसी और तात्कालीन समाज कल्याण निदेशक छवि रंजन के जमशेदपुर स्थित घर के अलावा, रांची, सिमडेगा और हजारीबाग के कई ठिकानों पर छापा मारा था। उसी दिन 7 लोग गिरफ्तार किए गए थे।

Share.
Exit mobile version