Joharlive Team

रांची : बेड़ो थाना क्षेत्र के तेतर टोली गांव निवासी एक व्यक्ति से प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट आफ इंडिया (पीएलएफआई) के नाम पर दस लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। दोनों अपराधियों ने अपने छह जून को फोन करके रंगदारी की मांग की थी। पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में मामले का खुलासा करते हुए घटना में शामिल दोनों अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

इस संबंध में प्रेसवार्ता कर डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि पकड़े गए दोनों अपराधियों की पहचान करंज थाना क्षेत्र निवासी उमेश महतो और कर्रा थाना क्षेत्र निवासी विजय गोप के रूप में की गई है। डीएसपी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि छह जून को उन्हें मोबाइल नंबर 9870376026 से फोन आया और पीएलएफआई के नाम पर दस लाख रुपए के रंगदारी की मांग की गई। इस संबंध में उन्होंने आठ जून को बेड़ो थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से मोबाइल और एक बाइक भी बरामद किया गया है।

दोनों अभियुक्त पहले भी जा चुके हैं जेल
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अभियुक्त पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। जिनमे उमेश महतो जगरनाथपुर थाना में साल 2014 में हत्या के आरोप में जेल गया था। वही विजय गोप कर्रा थाना में दो मामलों और नगड़ी थाना में दो मामलों में अभियुक्त रहा है। छापामारी दल में बेड़ो थाना प्रभारी श्यामबिहारी मांझी, नरकोपी थाना मनोरंजन सिंह, थाना प्रभारी जगलाल मुंडा व सभी थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।

Share.
Exit mobile version