खूंटी। पीएलएफआई संगठन के खिलाफ खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली हैं। खूंटी पुलिस ने 2 लाख के इनामी सब जोनल कमांडर सुखराम गुड़िया उर्फ रोड़े को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली के पास से एके-47, अमेरिकन राइफल और 200 पीस जिंदा गोली बरामद किया है। उक्त जानकारी खूंटी एसपी अमन कुमार ने दी। उन्होंने कहा कि जिदन गुड़िया के बाद सुखराम गुड़िया ने प्रभार संभाला था। इनामी नक्सली सुखराम की गिरफ्तारी से संगठन को बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने गिरफ्तार नक्सली के निशानदेही पर चाईबासा के जंगल से भी हथियार और गोली बरामद करवाया है।

पुलिस का अब अंतिम शिकार सुप्रीमो दिनेश गोप और कृष्णा यादव

खूंटी एसपी अमन कुमार ने कहा कि पीएलएफआई संगठन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार चल रही है। पुलिस का अब अंतिम शिकार सुप्रीमो दिनेश गोप और कृष्णा यादव है। पुलिस को कुछ जानकारियां मिली है, जिस पर टीम काम कर रही है। जल्द झारखंड पुलिस को पीएलएफआई संगठन के खिलाफ बड़ी सफलता मिल सकती है।

हत्या, आर्म्स, लेवी व 17 सीएलए एक्ट के दर्ज है 20 से ज्यादा मामले

एसपी अमन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली सुखराम गुड़िया के खिलाफ हत्या, आर्म्स, लेवी व 17 सीएलए एक्ट के तहत 20 से ज्यादा मामले दर्ज है। इनामी नक्सली सुखराम गुड़िया एके 47 लेकर चलता था। इसके खिलाफ तपकरा, मुरहू, खूंटी सहित चाईबासा के गुदड़ी थाने में अलग-अलग मामले दर्ज है। इसकी गिरफ्तारी के बाद पीएलएफआई संगठन पहले से ज्यादा कमजोर हो गया है। हालांकि, जीदन गुड़िया के मारे जाने के बाद लाका पहान ने क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाली थी। लेकिन, पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ में मार गिराया था। फिर लाका के मारे जाने के बाद सुखराम गुड़िया ने मुरहू से तपकरा, रनिय तोरपा इलाके में दहशत बना रखा था। पुलिस को लगातार चुनौती देने वाला सुखराम आखिरकार गिरफ्तार हो गया है।

Share.
Exit mobile version