रांची। कड़ी सुरक्षा के बीच पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान गुरुवार को शांति पूर्वक संपन्न हुआ। रांची में दूसरे चरण में पांच प्रखंडों बेड़ो, लापुंग, ईटकी, नगड़ी और कांके के कुल 82 पंचायतों में चुनाव हुआ। इन प्रखंडों में कुल 9 जिला परिषद सदस्य, 78 पंचायत समिति सदस्य, 82 मुखिया और 1013 वार्ड सदस्य के पद है।

मिली जानकारी के अनुसार अब तक सबसे अधिक नगड़ी में 72 .15 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि लापुंग में सबसे कम 60.15 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसी प्रकार कांके में 65.23 प्रतिशत, बेड़ो में 62.59, इटकी में 66.97 प्रतिशत मतदान हुआ है।

गांव की सरकार चुनने के लिए लोगों की भीड़ सुबह से ही मतदान केंद्र पर देखी गयी। सभी बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम खुद घूम- घूमकर सभी बुथों का जायजा ले रहे थे। उपायुक्त छवि रंजन ने बताया कि जिले में शांति पूर्वक चुनाव संपन्न हुआ।

Share.
Exit mobile version