रांची: भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने होली के मौके पर अपने शहर वासियों को एक सरप्राइज गिफ्ट दिया है. उन्होंने रांची वासियों के लिए 19 मार्च यानी शनिवार तक अपने फार्महाउस का दरवाजा खोल दिया है. इस दौरान कोई भी सैंबो स्थित महेंद्र सिंह धोनी के EEZA फार्म को देख सकता है और अनुशासन में रहते हुए होली भी खेल सकते हैं. धोनी के इजा फॉर्म में ऑर्गेनिक तरीके से सब्जियों की खेती होती है.
फिलहाल यहां स्ट्रौबरी के साथ साथ शिमला मिर्च, मटर और बीन की खेती हुई है. गिफ्ट के तौर पर इस बार रांचीवासियों को 250 ग्राम स्ट्रौबेरी का पैकेट ₹50 में दिया जा रहा है. धोनी का यह फार्म करीब 43 एकड़ में फैला हुआ है. यहां मौसम के हिसाब से सब्जियों की खेती होती है. महेंद्र सिंह धोनी ने यहां डेयरी फार्म भी खोल रखा है. यहां का दूध रांची के कई काउंटर पर बिकता है. पिछले साल गर्मी के मौसम में यहां तरबूज की भी जबरदस्त खेती हुई थी.

दरअसल महेंद्र सिंह धोनी जब भी रांची आते हैं तो समय निकालकर अपने फार्महाउस में जरूर जाते हैं वह यहां के कामगारों के साथ कई बार खेती करते नजर आते हैं कभी ट्रैक्टर चलाना तो कभी पौधारोपण करते उनकी तस्वीरें उनकी पत्नी साक्षी पोस्ट करती रहती हैं. धोनी ने अपने फार्म का नाम EEZA रखा है, जिसका मतलब होता है मां. फिलहाल उनके इस फॉर्म में एग्रीकल्चर कंसलटेंट रोशन के दिशा निर्देश के आधार पर ही खेती होती है. रोशन ने बताया कि महेंद्र सिंह धोनी जब भी यहां आते हैं तो खुद दिलचस्पी लेते हुए कुछ नया करने की कोशिश करते हैं.