Joharlive Team
रांची। कुख्यात अपराधी अमन श्रीवास्तव गैंग का सक्रिय सदस्य व शूटर रियाज अंसारी को कोलकाता से पकड़ा गया है। हजारीबाग पुलिस और कोलकाता एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस को यह उपलब्धि मिली है। रियाज कई माह से कोलकाता में झारखंड पुलिस को चकमा देकर अपना ठिकाना बनाया हुआ था। शनिवार की रात संयुक्त टीम ने छापेमारी कर पकड़ा है। रियाज से कोलकाता में टीम पूछताछ कर रही है। जल्द हजारीबाग पुलिस रियाज को कोलकाता से लेकर लौटेगी। हालांकि, हजारीबाग एसपी ने रियाज की गिरफ्तारी से इंकार करते हुए कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी तक नहीं है। जबकि, हजारीबाग डीआईजी पंकज कंबोज का कहना है कि हजारीबाग एसपी इस मामले में पूरी जानकारी देंगे।

रांची, रामगढ़, हजारीबाग के कारोबारियों से वसूल रहा है रंगदारी

सीआईडी की ओर से पूर्व में बताया गया था कि रियाज अंसारी सक्रिय होकर रांची, रामगढ़, हजारीबाग एवं अन्य जिलों के कारोबारियों से लेवी के लिए फोन कर रहा है। उन्हें डरा धमका कर लेवी के पैसे भी वसूल रहा है। इससे संबंधित सीआईडी ने संबंधित जिला को पत्राचार भी किया था। वहीं पत्राचार के जरिये निगरानी रखने का निर्देश संबंधित जिला को दिया गया था। अन्यथा किसी प्रकार की कोई अपराधिक घटना होने का आशंका जताया गया था।

32 कांड़ों में संलिप्त है रियाज अंसारी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रियाज अंसारी के खिलाफ कुल 32 संगीन मामले दर्ज है। जिसमें सबसे ज्यादा रंगदारी मांगने और हत्या से संबंधित है। रियाज के खिलाफ सीआईडी की टीम ने पूरा खाखा तैयार कर रखा है। पुलिस रियाज के अन्य मामलों के बारे में भी जानकारी एकत्रित कर रही है।

जनवरी में पकड़ाया था रियाज का भाई शहादत मिर्जापुर से
झारखंड पुलिस ने मिर्जापुर पुलिस के संयुक्त प्रयास से खुटहा गांव के पश्चिम ओर स्थित दमाद पहाड़ी के पास से कुख्यात अपराधी अमन श्रीवास्तव गैंग के शूटर रियाज अंसारी के भाई शहादत अंसारी उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया था। झारखंड पुलिस ने गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर किया था। इसके पास से पुलिस ने एक स्कार्पियो गाड़ी बरामद की थी।

Share.
Exit mobile version