Ranchi : झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी और उमस की चपेट में है. राज्य के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि फिलहाल गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है. अगले दो दिनों तक झारखंडवासी तेज धूप और पसीने से जूझते रहेंगे.
जमशेदपुर सबसे गर्म शहर
बीते 24 घंटों में राज्य का सबसे गर्म स्थान जमशेदपुर रहा, जहां पारा 43.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं डाल्टनगंज में तापमान 43 डिग्री, चाईबासा में 42.9 डिग्री, बोकारो में 42.1 डिग्री और राजधानी रांची में 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
उमस बनी बड़ी चुनौती
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिलों में उमस भरी गर्मी से परेशानी और बढ़ेगी. पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, गिरिडीह और धनबाद समेत कई जिलों में उमस के कारण हालात बिगड़ सकते हैं. आज आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा. सूरज पूरे जोश में रहेगा और लोगों को चिलचिलाती धूप से राहत नहीं मिलेगी.
तूफान-ओलावृष्टि का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 26 से 28 अप्रैल तक झारखंड के 11 जिलों में आंधी, तेज हवाओं, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. बोकारो, धनबाद, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, जामताड़ा, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में गर्जन और तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, 27 अप्रैल को रांची समेत रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर और अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.
Also Read : निर्दोष पर्यटकों की हत्या के विरोध में बेरमो में आक्रोश मार्च
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 25 April 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल