Joharlive Team

देवघर। निशिकांत दुबे यूं तो हर बार विवादों से घिरे रहते हैं। लेकिन इस बार आनन फानन में अपनी राजनीति चमकाने के चक्कर में उन्होंने एक कानूनी गलती कर दी है।

देवघर में पाये गये एक कोरोना मरीज की तस्वीर उन्होंने अपने फेसबुक वॉल पर जारी कर दी है। करीब एक घंटा पूर्व जारी किये गये इस फेसबुक पोस्ट पर समाचार लिखे जाने तक 361 टिप्पणियां दर्ज है। इसे 363 बार शेयर भी किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि कोरोना के बारे में केंद्र सरकार की खास हिदायत है कि इस दौरान किसी भी स्तर पर कोरोना के मरीज की पहचान जाहिर नहीं की जाए। इसी निर्देश की वजह से मीडिया भी ऐसे मामलों में पीड़ितों की पहचान उजागर करने से परहेज कर रही है।
लेकिन सांसद दुबे ने अपने फेसबुक पोस्ट पर न सिर्फ यह गलती की बल्कि दूसरे 363 लोगों को भी एक जैसी गलती करने पर मजबूर कर दिया है।
नियमानुसार निशिकांत दुबे पर कानूनी प्रावधान के तहत मामला दर्ज किया जाना चाहिए। लेकिन गोड्डा सांसद भाजपा आलाकमान के करीबी नेता के तौर पर परिचित हैं ।

इसलिए यह देखना रोचक होगा कि भाजपा का इस कानून के उल्लंघन पर क्या कुछ स्टैंड होता है। निशिकांत दुबे पर हेमंत सरकार की कार्रवाई की भी प्रतीक्षा है वैसे यह देखना भी रोचक होगा कि कानून तोडऩे के साक्ष्य मौजूद होने के बाद हेमंत सोरेन की सरकार निशिकांत दुबे के खिलाफ क्या कुछ त्वरित कार्रवाई करती है। इससे पूर्व शिवरात्रि के मौके पर भी देवघर के वैद्यनाथ मंदिर में निकासी द्वार से प्रवेश कर मंदिर में पूजा करने के लिए भी निशिकांत दुबे विवादों के घेरे में आ गये थे। वहां के पंडों की समिति ने उनके इस कृत्य का विरोध किया था। जिसकी वजह से वहां काफी देर तक हंगामा भी हुआ था। इस बीच देवघर की उपायुक्त नैंसी सहाय की तरफ से इस बात की पुष्टि कर दी गयी है कि देवघर के गम्हरिया गांव में एक कोरोना मरीज पाया गया है। सारवां प्रखंड के गमहरिया गांव में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने की जानकारी के पश्चात उक्त व्यक्ति को बेहतर ईलाज के लिए आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है, ज्ञात हो कि मरीज में अब तक कोरोना से संबंधित कोई भी प्राथमिक लक्षण नही दिख रहे हैं। साथ ही वर्तमान समय में मरीज की स्थिति बिल्कुल स्थिर बनी हुई है।

इसके अलावे एहतियात के तौर पर गांव तक पहुंचने वाले हर रास्ते व चेकपोस्ट पर दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। साथ ही सभी की स्वास्थ्य सुरक्षा को देखते हुए गांव को सील किया गया है।

Share.
Exit mobile version