Joharlive Team
रांची : राजधानी रांची समेत प्रदेश के अन्य भागों में नेपाली नववर्ष धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नेपाली महिलाओं ने अपने पारंपरिक वेश-भूषा में जमकर नृत्य किया। रांची में भारी संख्या में नेपाली मूल के लोग रहते हैं, जो हर वर्ष दुर्गा पूजा के सातवें दिन ‘नव पत्रिका प्रवेश’ को उत्सव के रूप में मनाते हैं। ये लोग इसे फूल-पाती शोभायात्रा करते हैं।

शक्ति की आराधना के पर्व नवरात्र के सातवें दिन नेपाली मूल के लोग नव पत्रिका प्रवेश मनाते हैं। नव पत्रिका प्रवेश का अर्थ नववर्ष का आरंभ होता है। नेपाल के लोग दुनिया के जिस किसी कोने में रहते हैं, वहां हर्ष और उल्लास के साथ नये वर्ष का स्वागत करते हैं। अपने और अपने परिवार की खुशहाली के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं।
इस अवसर पर हर साल भव्य रैली निकाली जाती है। इसमें पुरुष, महिला और बच्चे सभी भाग लेते हैं। रांची के डोरंडा में नेपाल के लोगों के लिए अलग से एक कॉलोनी है। यहां के लोग एक साथ सज-धजकर निकलते हैं और अपनी खुशी का इजहार करते हैं। एक-दूसरे को नववर्ष की शुरुआत की शुभकामनाएं देते हैं। शनिवार को डोरंडा स्थित जैप देवी मंदिर में फूल-पाती शोभायात्रा की भव्यता देखते ही बनती थी।