रांची। राष्ट्रपति चुनाव में राजग की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू चार जुलाई को झारखंड आ रही है। इस दौरान जीत सुनिश्चित करने को लेकर बीजेपी, आजसू समेत अन्य पार्टी के नेताओं से भी मिल सकती है। द्रौपदी मुर्मू के झारखंड आगमन की खबर मिलते ही झारखंड बीजेपी ने तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि द्रौपदी मुर्मू का झारखंड से नाता रहा है। वहीं, राष्ट्रपति चुनाव में दूसरे प्रत्याशी यशवंत सिन्हा का भी झारखंड से नाता रहा है।

24 जून को राष्ट्रपति पद का नामांकन करने के बाद द्रौपदी मुर्मू पहली बार झारखंड आ रही है। इनका झारखंड से गहरा नाता रहा है। द्रौपदी मुर्मू मई 2015 में राज्य की 9वीं राज्यपाल बनी थी। उन्होंने पूर्व राज्यपाल सैयद अहमद की जगह ली थी। झारखंड में पहली महिला राज्यपाल बनने का गौरव इन्हें प्राप्त है। साथ ही भारतीय राज्य की राज्यपाल बनने वाली पहली आदिवासी महिला भी हैं।