JoharLive Team

रांची । रांची विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि राज्य के विकास के लिए भाजपा सरकार ने कई कार्य किये हैं। गरीबों के लिए कई योजनाएं चलायी जा रही हैं, जिसका लाभ जनता को मिल रहा है।

सीपी सिंह मंगलवार को जनसंपर्क अभियान के दौरान आयोजित बैठक में बोल रहे थे। इस दौरान बद्री भवन, शांति नगर, तिवारी गली, चौधरी मोहल्ला सहित अन्य जगहों पर जनसंपर्क अभियान चलाकर बैठक आयोजित की गयी। सीपी सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार गरीबों के विकास के लिए कृत संकल्पित है। सरकार उनके उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार ने कई काम किये हैं। महिलाओं को स्वरोजगार के जरिये रोजगार से जोड़ा गया है। यह केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार के कारण संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि रांची के विकास को लेकर जनता भाजपा को वोट करे।

भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संजय कुमार जयसवाल ने बताया कि जनसंपर्क अभियान के दौरान महिलाओं ने कहा कि मोदी और रघुवर सरकार ने हम महिलाओं को सम्मान दिया। उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर मिला। आज महिलाओं के नाम पर 50 लाख रूपये तक की रजिस्ट्री मात्र एक रूपये में हो रही है। बैठक में चिंता देवी, रिंकू देवी, सरस्वती देवी, गायत्री देवी, पूनम देवी, सुनैना देवी, आशा देवी, सरिता देवी मौजूद थीं।

Share.
Exit mobile version