रांची : झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र की कार्यवाही शोक प्रस्तावना के बाद 31 जुलाई सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले नव मनोनीत मंत्री बेबी देवी का स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौजूद रहे। सत्र के पहले दिन पिछले सत्र में पारित इटकी ट्यूबरक्लोसिस सेनेटोरियम विधेयक, झारखंड कोर्ट फीस संशोधन विधेयक, झारखंड विनियोग विधेयक और दुर्गा सोरेन विश्वविद्यालय विधेयक को राज्यपाल और राष्ट्रपति से अनुमति मिलने के बाद विधेयकों की विवरणी सभा पटल पर रखी गयी।

स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने शोक प्रस्तावना पढ़ा। इसके बाद सीएम हेंमत ने शोक प्रस्ताव पर संबोधन किया। वहीं संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी। मणिपुर हिंसा का जिक्र करते हुए विधायक प्रदीप यादव ने वहां जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त किया। आजसू विधायक ने पिछले सत्र से अब तक जो लोग नहीं रहें उनके प्रति संवेदना प्रकट की। भाकपा माले विधायक बिनोद सिंह ने शोक व्यक्त किया। एनसीपी विधायक कमलेश सिंह ने श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सदन की कार्यवाही 31 जुलाई सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

Share.
Exit mobile version