पलामू : एक नाबालिग लड़की को रेलवे क्वार्टर से बरामद किया गया है। मामला सदर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने इस मामले में 3 लोको पायलट से पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि कक्षा आठवीं में पढ़ने वाली एक नाबालिग लड़की को दिल्ली में रहने वाले एक लड़के से प्यार हो गया। बच्ची विद्यालय जाने के लिए स्कूल ड्रेस में घर से निकली थी। इसके बाद वह अपने प्रेमी से मिलने के लिए डालटनगंज स्टेशन से ट्रेन पकड़ कर दिल्ली के लिए रवाना हो गई। अचानक बीच में वह बरवाडीह स्टेशन पर ट्रेन से उतर गई। इसके बाद एक लोको पायलट बच्ची को अपने साथ अपने क्वार्टर ले गया। देर रात तक जब बेटी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लड़की को बरवाडीह से बरामद किया है।

बताया जा रहा है कि नाबालिग बच्ची घर से थोड़ी दूर पर स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ती है। वह अपने प्रेमी से शादी करने के लिए घर से अकेले निकल गई थी। पूछताछ में लड़की ने बताया कि 4 माह पहले वह दिल्ली के एक लड़के के संपर्क में आई। फोन पर बातचीत करते हुए वह प्यार में फंस गई। लड़के को लड़की ने बताया कि वह उससे शादी करना चाहती है। इस लिए अपना परिवार छोड़कर आ रही है।

पुलिस सूत्र दावा कर रहे हैं कि लड़के के मना करने पर लड़की बीच रास्ते में ट्रेन से उतर गई। बरवाडीह स्टेशन पर लड़की को अकेले बैठे देकर लोको पायलट उसे अपने साथ अपने घर ले गया। पुलिस ने लड़की के मोबाइल नंबर की जांच की। पता चला कि वह बरवाडीह में है। इसके बाद लड़की को बरामद करने के लिए पुलिस की टीम भेजी गई।मंगलवार को पूरे मामले में पूछताछ के बाद लड़की और 3 लोको पायलट को छोड़ दिया गया। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले में अपनी पड़ताल आगे भी जारी रखेगी। पुलिस अब तक सामने आई पूरी कहानी की दोबारा पड़ताल करना चाहती है।

Share.
Exit mobile version