Ranchi : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक राज सिन्हा ने जननी सुरक्षा योजना में 50 करोड़ रुपये की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया। शुक्रवार को उनके सवाल का जवाब देते हुए मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि योजना में गड़बड़ी हुई है और इसकी जांच जारी है। कोडरमा एवं गोड्डा जिलों में अनियमितता के चलते संबंधित अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष-2023-24 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत कुल-99925 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया। कुल 3212 मोतियाबिंद कैंप आयोजित किए गये, जिसमें लाभुकों की संख्या 241062 है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 5905711 बच्चों का स्वास्थ्य जांच (स्क्रीनिंग) किया गया है। जननी सुरक्षा योजना अंतर्गत कुल-842297 महिला लाभान्वित हुई।
उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष-2023-24 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत महिलाओं के बंध्याकरण के लिए कुल-3114.42 लाख राशि खर्च की गयी। मोतियाबिंद कैप एवं ऑपरेशन मद में कुल 1452.05 लाख राशि खर्च की गयी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य जांच (स्क्रीनिंग) के लिए कुल-739.1 लाख राशि खर्च की गयी। जननी सुरक्षा योजना अंतर्गत कुल 4686.78 लाख राशि खर्च की गयी। कोडरमा एवं गोड्डा जिले में जननी सुरक्षा योजना के तहत बरती गयी अनियमितता से बंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में 50 करोड़ की वित्तीय अनियमितता हुई है, जिसमें जननी सुरक्षा योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, महिला बंध्याकरण और मोतियाबिंद ऑपरेशन के नाम पर राशि खर्च कर दी गयी है।
हेमलाल मुर्मू ने अपने ही सरकार के मंत्री को घेरा
बजट सत्र के दौरान विधायक हेमलाल मुर्मू ने अपनी सरकार के मंत्री को घेरा। उन्होंने कहा कि बिल्डिंग और गेट बनाने से नहीं होगा, रिनपास को यूनिवर्सिटी का दर्जा दिलाएं। प्रभारी निदेशक के भरोसे ही चल रहा है।
रांची को मेंटल हॉस्पिटल के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि अब तो टेली मेडिसिन भी नहीं हो रहा है, दवा भी उपलब्ध नहीं है। इस पर इरफान अंसारी ने कहा कि टेलीमेडिसिन की सुविधा देंगे, तुरंत चमत्कार नहीं हो सकता। सभी जिले में दवा उलब्ध है।
54 करोड़ 90 लाख रूपए से रिनपास के भवन का निर्माण होगा। इसके बाद एकेडेमिक के लिए प्रयास करेंगे। यूनिवर्सिटी के लिए भी प्रयासरत हैं।
वहीं विधायक लुईस मरांडी ने दुमका के रामगढ़ प्रखंड में आइटीआइ की स्थापना का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष में आइटीआई की स्थापना की जाएगी।
Also Read : पटना से दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव