रांची। अधिवक्ता मनोज झा हत्याकांड में रांची पुलिस को एक और कामयाबी मिली है। हत्याकांड का मास्टरमाइंड अफसर उर्फ लंगड़ा को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। लंगड़ा की गिरफ्तारी बैंगलोर से हुई है। रांची पुलिस की टीम पिछले कई दिनों से बैंगलोर में कैम्प की हुई थी। एसएसपी सुरेन्द्र कुमार झा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह सफलता मिली है। एसएसपी की क्यूआरटी और तकनीकी शाखा की मदद से लंगड़ा को पकड़ा गया है। गिरफ्तार लंगड़ा की निशानदेही पर रांची पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सिक्सर हथियार भी जप्त किया है। हालांकि, इस मामले में अभी भी मोनू समेत कई अन्य लोगों की गिरफ्तारी बची हुई है। जिसकी धर पकड़ के लिए टीम प्रयासरत है।

2 अगस्त को पांच अपराधियों को भेजा गया था जेल

रांची के एसएसपी सुरेन्द्र कुमार झा ने 2 अगस्त को हत्याकांड का खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को जेल भेजा था। इसमें नामजद आरोपी सोनू अंसारी, इमदाद अंसारी उर्फ मुन्ना अंसारी, रिजवान अंसारी, संजीत मांझी और शकील अंसारी शामिल था। एसएसपी ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी पत्रकारों को दी थी। उन्होंने कहा था कि जमीन विवाद में अधिवक्ता की हत्या हुई थी। हत्या का मास्टरमाइंड लंगड़ा ने पूरी योजना बनाया था। ताकि, अधिवक्ता की हत्या करने के बाद जमीन बेच कर सभी आपस में पैसा बंटवारा कर लेते।जमीन पर मुख्य आरोपी अफसर आलम उर्फ लंगड़ा अपना दावा करता था। 

Share.
Exit mobile version