रांची: पश्चिम सिंहभूम ज़िले के मनोहरपुर स्थित मनीपुर मैदान से मंईयां सम्मान यात्रा के सातवें दिन कार्यक्रम की शुरुआत हुई. इस दौरान मंत्री बेबी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की दूरदर्शी सोच के कारण राज्य की महिलाएं आर्थिक रूप से सबल हो रही हैं. वहीं कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी. उन्होंने कहा कि अब महिलाएं कमजोर नहीं हैं. उन्होंने सांसद जोबा मांझी के संघर्ष का उदाहरण देते हुए महिलाओं से आगे बढ़ने की अपील की. मंत्री दीपक बिरुआ ने कहा कि इस योजना से महिलाएं खुश हैं और शिक्षित होने से पूरे परिवार का विकास होता है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार गांव की महिलाओं को आर्थिक समर्थन देकर उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है.

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण

सांसद जोबा मांझी ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की सराहना की और कहा कि यह योजना झारखंड की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महत्वपूर्ण है. विधायक कल्पना सोरेन ने बताया कि योजना की दो किस्तें महिलाओं के बैंक खातों में जा चुकी हैं और तीसरी किस्त जल्द ही दी जाएगी. उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे खुद की पहचान बनाएं और अपने अधिकारों के लिए लड़ें. इस कार्यक्रम में शामिल सभी ने महिलाओं के आत्मसम्मान को आगे बढ़ाने के लिए मंईयां सम्मान यात्रा के महत्व पर जोर दिया.

Share.
Exit mobile version