Joharlive Team

लातेहार: जिला पुलिस और एनसीबी रांची की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को चंदवा प्रखंड मुख्यालय में संयुक्त रूप से छापामारी कर एक वाहन से 106 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। गांजे को सुपर कैरी वाहन में छुपाकर तस्कर बिहार ले जा रहे थे। पुलिस ने इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया।

एनसीबी रांची की टीम को सूचना मिली थी कि एक सुपर कैरी वाहन में भारी मात्रा में अवैध गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना पर एनसीबी की टीम चंदवा पहुंची और जिला पुलिस की मदद से अपराधियों की टोह लेने में जुट गयी। इसी दौरान एनएच-75 मुख्य मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप में सुपर कैरी वाहन भी तेल भरने के लिए रुकी। संदेह के आधर पर एनसीबी की टीम ने चालक और अन्य लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। जांच के बाद वाहन के नीचे बने गुप्त बक्से में 37 पैकेट में करीब 106 किलो गांजा बरामद हुआ। साथ ही पुलिस ने दोनों अपराधियों हरेंद्र यादव और राजकुमार गोंड को गिरफ्तार कर रांची ले गयी। दोनों तस्कर बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले है।

तस्कर चंदवा थाना क्षेत्र में ही इस तरह के वाहन में बने बक्से में छुपाकर ले जा रहे थे। इस तरह की घटना पहले भी देखी गई थी। बड़े पैमाने पर अवैध शराब की तस्करों को भी पुलिस ने कुछ दिन पकड़ा था। वाहन में गुप्त बाक्स बनाकर तस्करी का दूसरी बार खुलासा होने से पुलिस चौकन्नी हो गयी है।

Share.
Exit mobile version