JoharLive Team

रांची । झारखंड की हेमंत सरकार में मंत्री पद पाने के लिए कांग्रेस विधायक लगातार दिल्ली का चक्कर लगा रहे हैं। विधायक लगातार पार्टी आलाकमान से मिल रहे हैं। कांग्रेस के कई विधायक दिल्ली में जमे हुए हैं और अपनी-अपनी पैरवी लगा रहे हैं।

कांग्रेस सूत्रों की मानें तो पार्टी से तीन विधायकों का मंत्री बनना तय माना जा रहा है। इनमें विधायक और पूर्व मंत्री राजेन्द्र प्रसाद सिंह, पूर्व मंत्री और विधायक बन्ना गुप्ता और बड़कागांव की विधायक अम्बा प्रसाद शामिल हैं। हालांकि पार्टी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। संभावना जतायी जा रही है कि एक-दो दिनों के अंदर कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के नामों पर मुहर लग जायेगी।

बीते दिनों कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायक दिल्ली गये थे। वहां कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित कई नेताओं से मुलाकात की थी। इधर कांग्रेस के कई विधायक प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री रामेश्वर उरांव, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह से भी संपर्क में हैं। कई विधायक लगातार दिल्ली जाकर आलाकमान से मिलकर अपनी-अपनी सिफारिश करवा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बीच गठबंधन हुआ था। इसके तहत झामुमो को 30, कांग्रेस को 16 और राजद को एक सीट पर जीत हासिल हुई थी। हेमंत सरकार में कांग्रेस कोटे से दो विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ले ली है। इनमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम शामिल हैं। बताया जाता है कि कांग्रेस कोटे से पांच विधायकों को मंत्री बनाया जाना है। इनमें दो विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ले ली है। तीन विधायकों को और मंत्री बनना है।

Share.
Exit mobile version