हजारीबाग: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस की “जन संवाद यात्रा मिशन 2024” आज हजारीबाग शहर के मटवारी चौक पर पहुंची. इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार यादव ने की, जबकि मंच संचालन का कार्य राजू चौरसिया, जिला उपाध्यक्ष निसार खान ने किया. धन्यवाद ज्ञापन हजारीबाग महानगर अध्यक्ष मनोज नारायण भगत ने किया. इस यात्रा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, आवास बोर्ड के अध्यक्ष संजय पासवान, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, पूर्व मंत्री योगेंद्र साव, और प्रदेश महिला अध्यक्ष गुंजन सिंह सहित कई प्रमुख नेताओं ने भाग लिया. इस अवसर पर मटवारी गांधी मैदान के बाहर एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया. नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए राजेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने आम जनता के लिए कई जनकल्याण योजनाएं चलाई हैं, जैसे मैया सम्मान, किसान ऋण माफी, और 200 यूनिट मुफ्त बिजली। पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शहजादा अनवर ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड के संसाधनों का दोहन किया है और समाज के कमजोर वर्गों को अनदेखा किया है.

संजय पासवान ने कहा कि महागठबंधन सरकार ने बेटियों के लिए आर्थिक रूप से सबल बनाने के लिए “मैया सम्मान योजना” शुरू की, जिससे भाजपा बेचैन हो गई है. जिला अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार यादव ने कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और संगठन के सभी स्तरों पर मजबूती प्रदान करने की जिम्मेदारी जताई. इस कार्यक्रम में कई वरिष्ठ कांग्रेसजन, जिला और प्रखंड के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और अन्य संगठन के सदस्य मौजूद रहे.

Share.
Exit mobile version