रांचीः भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ में शिरकत करने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव सह झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे गुरुवार को रांची पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत पार्टी के आला नेताओं ने श्री पांडे का हवाई अड्डे पर स्वागत किया। रांची पहुंचते ही हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान अविनाश पांडे ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों में भाईचारे का संदेश देना था। पार्टी नेता राहुल गांधी ने इसकी शुरुआत की थी, जिसे लोगों ने खूब सराहा और साथ भी दिया। इसी कड़ी में भारत जोड़ो की पहली वर्षगांठ के मौके पर झारखंड के सभी जिलों में पदयात्रा निकाली जा रही है।

मुद्दों से भटकाने का काम कर रही भाजपा

एक सवाल के जवाब में श्री पांडे ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई समेत कई मुद्दे हैं, जिनसे जनता त्रस्त है। भाजपा के लोग इन मुद्दों से भटकाने के लिए सारे हथकंडे अपना रहे हैं। इन्हें लगा है कि इनकी असलियत जब सामने आने लगी तो नए मामलों को लेकर लोगों का ध्यान भटकाने का काम कर रहे हैं।

Share.
Exit mobile version