आफरीन कमाल
रांची। 19 साल का युवा झारखंड अपने लिए सरकार चुनने जा रहा है। चुनाव प्रचार में पार्टियां युवाओं को रिझाने में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ चुनाव आयोग भी अधिक से अधिक वोट हो इसके लिए प्रचार – प्रसार में जुटा है। आज के दौर में युवाओं की क्या उम्मीदें हैं, झारखंड का युवा कैसा झारखंड गढ़ना चाहता है, इसपर हमने बात की।
युवाओं का कहना है कि इस बार वोट झारखंड के लिए करना चाहिए, यानी कि हर विद्यार्थी, हर व्यक्ति को चाहिए कि वह झारखंडी बनकर वोट करें। जिसमें कि किसी भी समुदाय को देखे बिना, किसी भी धर्म को देखे बिना निष्पक्ष होकर वोट करना चाहिए,ताकि हम सभी एक अच्छे झारखंड के निर्माण के लिए कदम बढ़ाएं।
विद्यार्थियों का कहना है कि झारखंड में पलायन को लेकर जो समस्या है इस को ध्यान में रखते हुए सभी को ऐसे प्रत्याशियों को वोट करना चाहिए जिन पर किसी भी तरीके का आरोप ना हो जिनका चरित्र सही हो और जो जनता की सेवा के लिए हमेशा तत्पर होते आए हैं। विद्यार्थियों का यह भी कहना है कि हमें एक ऐसा प्रत्याशी चाहिए जो एक वक्त का नहीं जो लंबी रेस का घोड़ा हो यानी जो लंबे समय तक जनता की भलाई के लिए काम करें वही हमारा नेता हो।

शिक्षा का स्तर सुधरे तो झारखंड का भी विकास हो जायेगा। किसी भी सरकार ने शिक्षा को प्राथमिकता में नही रखा है। इसे ध्यान देने की ज़रूरत है। आने वाले सरकार से उम्मीद है कि इस क्षेत्र में छात्रों के लिए बेहतर कार्य हो सकें।
-प्रियंका कुमारी

राजधानी में सड़क की स्थिति काफी दयनीय होती जा रही है। राज्य विकास की ओर प्रगतिशील है, तो सरकार को इसमें में भी ध्यान देने की जरूरत है। आज के समय में कांटाटोली की हालात बदतर है । ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू करने के बाद काम को बंद कर दिया गया है। इससे आम जनता को प्रतिदिन काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
-स्मृति सिंह

विधानसभा चुनाव में पहली बार मतदान करने का मौका मिला है। जात और धर्म के नाम पर वोट नही करूंगी। राज्य के विकास में वोट करना है। उम्मीद है राज्य में आने वाली सरकार विकास के साथ महिला सुरक्षा को लेकर भी अच्छे कदम उठायेगी।
-विनी कुमारी

रांची पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर पीसीआर और शक्ति मोबाइल की शुरुआत की। मगर, कुछ समय के बाद यह योजना धीरे धीरे कमने लगी है। आज देर शाम तक लड़कियां कॉलेज, ट्यूशन से पढ़ाई कर घर लौटती है। दिन पर दिन बिगड़ते हालात को देख अब सड़कों पर अकेले चलने में डर लगने लगा है। लड़कियों की सुरक्षा के लिए यह सेवा को देर रात तक सभी गली और मोहल्ले में जारी करनी चाहिए। –
-डालिया सिंह

झारखंड राज्य में भुखमरी और मॉब लिचिंग की समस्या है। इससे राज्य की बदनामी होती है। दोनों समस्या अलग और बड़ी है। राज्य में एक अच्छी सरकार बने और सरकार को सभी के हितों का ध्यान में रखते हुए कार्य करना चाहिए ।
–अमन सहगल