रांची : झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र के चौथे दिन सदन के अंदर और बाहर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों ने अपनी-अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया। सत्ता पक्ष के मंत्री और विधायकों ने राज्य में सुखाड़ से परेशान किसान को राहत देने के लिए केंद्र से पैसों की मांग को लेकर परिसर के बाहर धरना पर बैठे।

झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा बिल का बीजेपी ने किया विरोध

वहीं बीजेपी ने सदन के बाहर और अंदर स्थानीय नीति, नियोजन नीति और झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा बिल 2023 को लेकर कड़ा विरोध जताया। बीजेपी ने इसे छात्र विरोध बिल बताया। इस दौरान हंगामे के कारण कई बार सदन को स्थगित करना पड़ा। भोजनावकाश के बाद कई बिल को सरकार की ओर से सदन में पेश किया गया। जिसे ध्वनि मत से स्वीकृत किया गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही गुरुवार (3 अगस्त) 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

सदन में आरोग्यम इंटरनेशनल विश्वविद्यालय विधेयक 2023 स्वीकृत

भोजनावकाश के बाद सदन की कार्यवाही 2.10 बजे के करीब शुरू हुई। जिसके बाद आरोग्यम इंटरनेशनल विश्वविद्यालय विधेयक 2023 सदन में पेश किया गया। लंबोदर महतो ने कुछ सुझाव के साथ बिल को प्रवर समिति को भेजने का प्रस्ताव दिया। फिर ध्वनि मत से आरोग्यम इंटरनेशनल विश्वविद्यालय विधेयक 2023 को स्वीकृत किया गया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि बिल की कॉपी पर कुछ त्रुटि है, जो सुधार दिया जाए।

झारखंड कारखाना विधेयक 2023 स्वीकृत

सदन में कारखाना झारखंड विधायक 2023 पेश किया गया, जिसे लंबोदर महतो ने कुछ संशोधन के साथ बिल को प्रवर समिति को भेजने का प्रस्ताव दिया। फिर ध्वनि मत से अस्वीकृत किया गया। जिसके बाद कारखाना झारखंड संशोधन विधायक 2023 प्रस्तावित किया गया, जिसे ध्वनि मत से स्वीकृत किया गया। इससे पहले सीबी रमण ग्लोबल विश्वविद्यालय विधेयक 2023 भी ध्वनिमत से पास हुआ।

झारखंड अधिवक्ता कल्याण नीधि विधेयक 2023 अस्विकृत

झारखंड अधिवक्ता कल्याण नीधि विधेयक 2023 ध्वनि मत से अस्विकृत कर दिया गया। इस पर संशोधन की बात कही गई है।

Share.
Exit mobile version