JoharLive Team

जमशेदपुर। महात्मा गांधी मेमोरियल कॉलेज एवं अस्पताल (एमजीएम) के मेडिकल वार्ड में घुसकर महिला मरीज के साथ दुष्कर्म के आरोपित को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। 15 मार्च तड़के तीन बजे उसकी गिरफ्तारी की गई। पीडि़ता ने भी उसकी पहचान की है। घटना से पहले आरोपित अस्पताल में आता-जाता था।

पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी फुटैज से आरोपी की पहचान पीड़िता से कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के बारे में जानकारी देने वाले को 10 हजार रुपए देने की घोषणा भी की थी।

एसएसपी अनूप बिरथरे ने बताया कि आरोपी का नाम गुड्डू प्रमाणिक है। इसका कोई घर नहीं है, जिस कारण यह सड़क किनारे कहीं भी सो जाता था। ऐसे अपराधी को पकड़ना एक बड़ी चुनौती थी। चोरी के कई मामले में यह पहले भी जेल जा चुका है। अपराधी ने अपना अपराध स्वीकार किया है।

  • मंत्री के निर्देश पर एससपी ने लिया था संज्ञान

मामला उजागर होने पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के निर्देश पर एसएसपी ने मामले को संज्ञान में लिया। पीडि़ता को पुलिस ने खोज निकाला। आठ मार्च को उसकी शिकायत पर साकची थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। सदर अस्पताल में उसकी मेडिकल जांच कराई गई। न्यायालय में 164 के तहत बयान कलमबंद कराया गया। मुख्य विपक्षी भाजपा ने जोर-शोर से मामले को उठाया था।

बताते चलें कि एमजीएम अस्पताल में दो महीने से भर्ती 50 साल की महिला से आरोपी ने डरा धमकाकर बेड पर ही दुष्कर्म किया था। घटना के समय वार्ड में दो और महिला मरीज मौजूद थीं। लेकिन डर के कारण कुछ नहीं बोली। घटना के अगले ही दिन अस्पताल प्रबंधन को रो-रोकर इसकी जानकारी दी, इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने महिला को डिस्चार्ज करा कर मामले को अफवाह बताकर दबा दिया था।

Share.
Exit mobile version