रांची: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रभात तारा मैदान में विस्तृत कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए. जहां उन्होंने इंडी गठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला. हेमंत सोरेन सरकार पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार आदिवासियों के खिलाफ है. इसने आदिवासियों का कल्याण करने की बजाय उनका शोषण किया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि लोकसभा चुनाव में मिली यह जीत बताती है कि आगामी विधानसभा चुनाव में किसकी सरकार बनेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोगों से मिला विश्वास यह दर्शाता है कि 2024 में झारखंड में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.

60 साल में ऐसा पहली बार

कांग्रेस को अहंकारी बताते हुए कहा कि ऐसा देश में पहली बार देखने को मिला है. देश की जनता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाया. उन्होंने कहा कि 60 साल में ऐसा हुआ है जब जनता ने किसी को तीसरी बार प्रधानमंत्री चुना हो. भाजपा ने देश में सरकार बना ली है, लेकिन कांग्रेस अहंकारी हो गई है. देश की जनता ने भाजपा को 240 सीटें दीं, जबकि पूरे इंडिया गठबंधन को 240 सीटें नहीं मिलीं, फिर भी देखिए कौन अहंकारी हो गया है? उन्होंने पूछा, क्या कांग्रेस को अपने शासन में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले करने का गर्व है? क्या उसे अपने शासन में भाई-भतीजावाद से किए गए भ्रष्टाचार पर गर्व है? या उसे अपने शासन में किए गए तुष्टीकरण पर गर्व है?

कांग्रेस ने अपने 10 साल के शासन में भी झारखंड के लिए कोई कल्याण नहीं किया. कांग्रेस ने 10 साल में देश और झारखंड के लिए जितना काम नहीं किया, उससे कहीं ज्यादा काम भाजपा ने अपने 10 साल में किया है. आज झारखंड के सीएम केंद्र की भाजपा सरकार पर झारखंड को कुछ नहीं देने का आरोप लगाते हैं. इसलिए कांग्रेस और भाजपा ने 10 साल में झारखंड को जो कुछ दिया, उसकी तुलना करें तो आपको पता चल जाएगा कि भाजपा ने झारखंड के लिए क्या किया. शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 10 साल के शासन में झारखंड को सिर्फ 84 हजार करोड़ रुपये दिए. जबकि मोदी सरकार ने 10 साल में झारखंड को 3 लाख 84 हजार करोड़ रुपये दिए.

ये रहे मौजूद

मंच पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा कर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, विधानसभा में विपक्ष के नेता अमर बाउरी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद थे.

  • अमित शाह के भाषण के मुख्य बिंदु
  • यहां 300 करोड़ के नोटों का पहाड़ मिला
  • एक मंत्री के पीए के घर से करोड़ों रुपये मिले
  • वहीं दूसरी तरफ झारखंड में बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास की सरकारें बनीं
  •  बीजेपी की सरकारों ने हमेशा ऐसा काम किया कि वो लोगों के बीच सिर उठाकर जा सकें
  • उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन की नजर में आदिवासी कल्याण का मतलब उनके परिवार का कल्याण
  • संथाल परगना में आज आदिवासियों की संख्या कम होती जा रही
  • बांग्लादेशी अवैध रूप से घुसकर यहां की जनसांख्यिकी बदल रहे
  • झारखंड में भाजपा की सरकार बनने के बाद सरकार आदिवासियों की घटती जनसंख्या पर श्वेत पत्र लाएगी
Share.
Exit mobile version