New Delhi : वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री 2025 में भारत ने अपना दबदबा कायम रखते हुए बुधवार को दूसरे दिन के अंत तक 95 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है। भारत ने अब तक 33 स्वर्ण, 29 रजत और 33 कांस्य पदक जीते हैं। इसके बाद न्यूट्रल पैरा एथलीट्स दल दूसरे स्थान पर है, जिनके नाम 26 पदक (13 स्वर्ण, 9 रजत, 4 कांस्य) हैं, जबकि उज्बेकिस्तान 4 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य पदकों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारत के कई प्रमुख एथलीट पदक की उम्मीदों के साथ मैदान में उतरेंगे। इनमें स्प्रिंटर प्रीति पाल का नाम शामिल है, जिन्होंने पहले ही एक रजत पदक जीत लिया है और अब 200 मीटर टी38 स्पर्धा में हिस्सा लेंगी।
गोला फेंक एफ41 स्पर्धा में रवि रंगोली अपना दमखम दिखाएंगे। वह राष्ट्रीय चैंपियनशिप में लगातार शीर्ष पर रहे हैं और यहां भी पदक जीतने के प्रबल दावेदार हैं।
अनुभवी पैरा एथलीट और अर्जुन अवार्डी अंकुर धामा 5000 मीटर टी12 दौड़ में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कई पैरालंपिक्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और लंबी दूरी की दौड़ में उनकी मजबूत पकड़ जानी जाती है।
एशियन पैरा गेम्स पदक विजेता कशिश लाकड़ा डिस्कस थ्रो एफ53 स्पर्धा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। वह व्हीलचेयर थ्रो स्पर्धाओं में भारत की उभरती हुई स्टार हैं। एशियन यूथ पैरा गेम्स के पदक विजेता प्रणब प्रशांत देसाई 200 मीटर टी64 स्पर्धा में दौड़ते नजर आएंगे। उनकी तेज रफ्तार और बेहतरीन तकनीक उन्हें ट्रैक इवेंट्स में खतरनाक दावेदार बनाती है। गोला फेंक एफ11 स्पर्धा में बालाजी राजेंद्रन भी हिस्सा लेंगे। अपनी जबरदस्त ताकत और शानदार तकनीक के चलते वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीतते आ रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक विजेता और तेज गति के लिए मशहूर अभिषेक बी जाधव 200 मीटर टी35 स्पर्धा में दौड़ लगाएंगे। उनसे भारतीय दल के लिए एक और मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है।
इस ग्रां प्री में वैश्विक आकर्षण का केंद्र बनेंगी दिग्गज पैरा एथलीट वेनेसा लो, जो महिला लंबी कूद टी38, टी44, टी61 और टी64 स्पर्धाओं में भाग लेंगी। दो बार की पैरालंपिक पदक विजेता और विश्व रिकॉर्ड धारक वेनेसा लो की मौजूदगी इस प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित बनाएगी।
भारतीय खिलाड़ियों की मजबूत दावेदारी और वेनेसा लो जैसी दिग्गज एथलीट की उपस्थिति के चलते ग्रां प्री का अंतिम दिन खेल उत्कृष्टता, जज्बे और नए रिकॉर्ड की शानदार मिसाल पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Also Read : ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौ’त