रांची। पलामू के मेदिनीनगर में रांची के कडरु स्थित काफिला मोटर कंपनी के सेल्स मैनेजर अंजनी कुमार सिन्हा को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। घटना शनिवार दोपहर बाद करीब सवा तीन बजे की है। पलामू के रांची रोड में बाइक सवार तीन अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और डीएसपी सुरजीत कुमार मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है। ताकि, अपराधियों की पहचान हो सकें।

मेदिनीनगर में तगादा करने आज गए थे अंजनी सिन्हा
पुलिस के अनुसार घायल अंजनी कुमार सिन्हा रांची स्थित काफिला मोटर कंपनी, कडरू के सेल्स मैनेजर हैं। वह मेदिनीनगर में ऑर्डर लेने और पैसों का तगादा करने के लिए आए थे। रांची रोड में बाइक सवार अपराधियों ने उनके सिर में एक गोली मारी है। वह बुरी तरह से घायल हैं। उनकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। अंजनी कुमार सिन्हा बिहार के पटना जिले के राजेंद्रनगर के मूल निवासी हैं। जानकारी के अनुसार, उन्हें इलाज के लिए एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया है। अपराधियाें ने उन्हें गोली क्यों मारी, अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब तक किसी भी अपराधी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।