खूंटी:  शहर से सटे महुआटोली गांव में एक मामूली विवाद में लखन पहान नामक युवक ने अपनी बुआ रातनी कुमारी 54 वर्ष की पत्थर से मारकर हत्या कर दी। शुक्रवार रात हुई इस घटना की सूचना शनिवार सुबह खूंटी थाना की पुलिस को मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक छानबीन के बाद शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। हत्या का आरोपित लखन पहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के समक्ष आरोपित लखन पहान ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतका रतनी कुमारी की शादी नहीं हुई है, वह उसके घर से सटे मकान में ही रहती थी।

उसने बताया कि आए दिन रतनी अपने मवेशियों को उसके घर के सामने बांध देती थी। शुक्रवार की शाम भी रतनी अपने मवेशियों को चराकर लाने के बाद उसके घर के समीप ही अपने मवेशियों को बांध दिया था। इसी बात पर शुक्रवार रात उसका अपनी बुआ रतनी के साथ विवाद हुआ। बुआ से विवाद के समय वह शराब के नशे में धुत था। विवाद बढ़ने पर नशे के कारण उसने बुआ के कान के पीछे सर पर एक पत्थर से वार कर दिया जिससे उसकी बुआ की मृत्यु हो गई।

Share.
Exit mobile version