रांची : राज्य में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 20 फरवरी को आंशिक बादल छाये रहेंगे, मौसम शुष्क रहेगा. इससे उमस बढ़ने की संभावना है. जबकि 21 से 23 फरवरी तक झारखंड में बारिश की संभावना है. इस  दौरान राजधानी रांची समेत आस-पास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस वजह से ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, 21 फरवरी को राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग यानि देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ व साहिबगंज में हल्की बारिश हो सकती है. 22 फरवरी को पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार व लोहरदगा में छिटपुट बारिश होने की संभावना है. जबकि 23 फरवरी को रांची, जमशेदपुर, चाईबासा, सिमडेगा, सरायकेला में हल्की बारिश हो सकती है. 24 व 25 फरवरी को सुबह में कोहरा छाये रहने का अनुमान है, जबकि दिन में आसमान के साफ रहने की संभावना है.

मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी व वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी. इसके बाद अगले दो दिनों में इसमें धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा. आज राज्य के मौसम में किसी भी तरह के बदलाव के आसार नहीं है. राजधानी रांची में आज का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

Share.
Exit mobile version