Ranchi : राजधानी रांची के कई थानों और प्रखंड परिसरों में आज जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रांची पुलिस लाइन में हुए मुख्य कार्यक्रम में आईजी मनोज कौशिक, रांची एसएसपी सह डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा, सिटी एसपी राज कुमार मेहता सहित कई अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न थानेदार और डीएसपी भी शामिल हुए। इस दौरान नागरिकों ने बड़ी संख्या में अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें सबसे अधिक मामले जमीन विवाद से जुड़े हुए थे। इसके अलावा चोरी, छिनतई और पैसों के लेन-देन से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं।
रांची एसएसपी सह डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा ने मौके पर ही कई मामलों में संबंधित पक्षों को फोन कर जानकारी ली और ऑन द स्पॉट समाधान की कोशिश की। वहीं, आईजी मनोज कौशिक ने पुलिस पदाधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि जन शिकायत समाधान कार्यक्रम को हल्के में न लें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर संबंधित पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्यक्रम झारखंड के महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का प्रभावी और त्वरित समाधान करना है। साथ ही पुलिस और जनता के बीच भरोसे को मजबूत करना भी इसका मुख्य उद्देश्य है।
जन शिकायत समाधान कार्यक्रम इन स्थानों पर हुआ आयोजित:
पुलिस केंद्र रांची
खेलगांव थाना परिसर
प्रखंड कार्यालय अनगड़ा
प्रखंड कार्यालय सिल्ली
मांडर थाना परिसर
प्रखंड कार्यालय खलारी
बेड़ो थाना परिसर
लापुंग थाना परिसर
इटकी थाना परिसर
डोरंडा थाना परिसर
जगन्नाथपुर थाना परिसर
नामकुम थाना परिसर
कांके थाना परिसर
पिठोरिया थाना परिसर
प्रखंड कार्यालय रातु
प्रखंड कार्यालय नगड़ी
अनुमंडल कार्यालय बुंडू
इस कार्यक्रम में नागरिकों की भागीदारी सराहनीय रही और पुलिस प्रशासन ने उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं।
Also Read : 124 साल बाद क्रिकेट की ओलंपिक 2028 में होगी वापसी, यहां बनेगा अस्थायी स्टेडियम
Also Read : IG अनूप बिरथरे ने किया जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का उद्घाटन, सुनी ग्रामीणों की समस्याएं