रामगढ़ : गोला प्रखंड क्षेत्र के एक टेंट हाउस के गोदाम पर लड़की को फंदे से लटकते हुए पाया गया। परिजन व ग्रामीण लड़की को लेकर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद लड़की को मृत घोषित कर दिया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि लड़की के साथ पहले सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। वारदात को अंजाम देने का आरोप टेंट हाउस संचालक पर लगा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। मरने वाली लड़की की उम्र करीब 19 वर्ष थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा कि युवती गुरुवार की देर शाम अपने घर के बाहर हैँडपंप से पानी लेने के लिए गई थी। आरोप लगाया जा रहा है कि इसी दौरान टेंट हाउस चलाने वाले पड़ोस का युवक संतोष कुमार महतो ने उसे जबरन खींचकर बगल में ही स्थित अपने टेंट हाउस के गोदाम में ले गया। इसके बाद उसने अपने दोस्त के साथ उसके साथ दुष्कर्म किया, फिर गला दबाकर उसकी हत्या करने के बाद टेंट हाउस के गोदाम में ही युवती को दुपट्टे से फांसी पर लटका दिया। इसके बाद बाहर से ताला लगाकर भाग गया। युवती के घरवाले रातभर उसके खोजते रहे। इस दौरान एक बालक ने घरवालों को बताया कि पड़ोसी संतोष महतो उसे जबरन उसे खींचकर अपने टेंट हाउस ले गया है। इसके बाद लोग मौके पर पहुंचे। जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार की सुबह बरलंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। परिवार के दावे के अनुसार दुष्कर्म व हत्या की घटना की वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए टेंट हाउस के गोदाम को सील कर दिया है।